MP Weather: एमपी के 21 जिलाें में आज तेज बारिश का अलर्ट

मध्यप्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। भोपाल में रात से हो रही तेज बारिश के कारण कई स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। जबकि 21 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट है।

राजगढ़, विदिशा, सीहोर, हरदा और देवास में 8 इंच तक बारिश की संभावना है। बारिश के बावजूद प्रदेश में अब तक सामान्य से 19% कम पानी गिरा है।

मध्यप्रदेश में लंबे समय से बारिश की कमी के बीच मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मानसून ट्रफ और निम्न दबाव क्षेत्र के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है।

रविवार को हुई बारिश के बाद मंडला, डिंडौरी और विदिशा समेत कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर आ गए। सोमवार को भी 21 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

भोपाल में रविवार रात से ही तेज बारिश का दौर जारी है। सोमवार को कई स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।

 

5 जिलों में 8 इंच तक बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने राजगढ़, विदिशा, सीहोर, हरदा और देवास में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले 24 घंटे में इन जिलों में करीब 8 इंच तक पानी गिरने की संभावना है।

इसके अलावा उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, खंडवा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, जबलपुर, गुना, शिवपुरी और श्योपुर में भारी बारिश हो सकती है।

भोपाल, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन, झाबुआ, नीमच, मंदसौर, रतलाम, ग्वालियर, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, कटनी, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर बना रह सकता है।

 

दो दिन ही तेज बारिश का दौर

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मौजूदा निम्न दबाव क्षेत्र के कारण मानसूनी गतिविधियां बढ़ी हैं। इसका असर अगले दो दिन तक ज्यादा रहने की संभावना है

इसके बाद 11 अगस्त के आसपास उत्तर बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास नया चक्रवाती परिसंचरण बनने के संकेत हैं।

इसके प्रभाव से 13 अगस्त के आसपास एक और निम्न दबाव क्षेत्र बन सकता है। 12 और 13 अगस्त को प्रदेश में हल्की बारिश का दौर रहने की संभावना है।