MP Weather : आज 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्यप्रदेश में बारिश का दौर फिर तेज हो गया है। पूर्वी हिस्से में सक्रिय मजबूत मौसम तंत्र के कारण रीवा-शहडोल समेत 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।

बाणसागर बांध के 6 गेट खोले गए हैं, जबकि चित्रकूट में बाढ़ से हालात बिगड़े हैं। भोपाल समेत कई जिलों में भी बारिश होगी।

मध्यप्रदेश में अगस्त की विदाई बारिश और बाढ़ के बीच हो रही है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में एक बार फिर सक्रिय हुए मजबूत मौसम तंत्र ने बारिश का दौर तेज कर दिया है।

रीवा, शहडोल, सीधी, उमरिया समेत 11 जिलों में सोमवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

वहीं भोपाल संभाग समेत प्रदेश के कई हिस्सों में भी तेज से हल्की बारिश होने के आसार हैं। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा है।

शहडोल के बाणसागर बांध में पानी की आवक अचानक बढ़ने के बाद छह गेट खोल दिए गए हैं। निचले इलाकों में सतर्कता बढ़ाई गई है।

सतना के चित्रकूट में बाढ़ से हालात बिगड़ने के बाद स्कूलों में दो दिन की छुट्टी घोषित की गई है।

 

आज इन 11 जिलों में भारी बारिश

मौसम विभाग ने रीवा, मऊगंज, मैहर, सीधी, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, सतना, सिंगरौली, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है।

 

सितंबर के पहले 3 दिन भी खतरा

बारिश का सिलसिला सिर्फ सोमवार तक सीमित रहने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने सितंबर के शुरुआती तीन दिनों में कई जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी दी है।

सीधी, उमरिया, मंडला, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, दमोह, नरसिंहपुर और नर्मदापुरम समेत कई जिलों में 24 घंटे के दौरान करीब 4 से 8 इंच तक बारिश होने का अनुमान है।