47% जिलों में कम बारिश या सूखे जैसे हालात
अगस्त के बाद अब सितंबर में भी देश भर में मानसून कमजोर रहने की आशंका है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सितंबर में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।
इस महीने सामान्य बारिश 167.9 मिमी होती है, लेकिन इसके 91% यानी करीब 153 मिमी से भी कम रहने का अनुमान है।
इस साल मानसून के शुरुआती महीनों में बारिश की स्थिति काफी उतार-चढ़ाव वाली रही है।
जून में 35% कम, जुलाई में 1% ज्यादा और अगस्त में फिर 16% कम बारिश दर्ज की गई। अगस्त के दौरान कई डिप्रेशन, लो-प्रेशर एरिया और पश्चिमी विक्षोभ आने के बावजूद बारिश की कमी पूरी नहीं हो सकी।
जून से अगस्त तक के पहले तीन महीनों में कुल 603.7 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य 700.7 मिमी से करीब 13.8% कम है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, देश के 52% जिलों में सामान्य या उससे ज्यादा बारिश हुई है। वहीं, अभी भी 47% जिलों में कम बारिश या सूखे जैसे हालात बने हुए हैं।
अगस्त में 213.3 मिमी बारिश सिर्फ सामान्य से कम ही नहीं रही, बल्कि यह 1901 से अब तक अगस्त की 17वीं और 2001 के बाद 7वीं सबसे कम बारिश रही।
अगस्त में औसत तापमान 28° रहा, 126 साल का रिकॉर्ड टूटा
अगस्त का औसत पारा 28.01 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1901 से अब तक का सबसे ज्यादा। औसत न्यूनतम तापमान भी 24.36 डिग्री रहा, जो बीते 126 वर्षों में सबसे अधिक है।
औसत अधिकतम तापमान 31.66 डिग्री रहा, जो रिकॉर्ड में चौथा सबसे अधिक है। अगस्त में अधिकतम तापमान 0.65 डिग्री, न्यूनतम 0.68 डिग्री और औसत तापमान 0.67 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। यानी कम बारिश के साथ रातें भी असामान्य रूप से गर्म रहीं।
आगे क्या? सितंबर भी ज्यादा तपेगा
आईएमडी के अनुसार, सितंबर में कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है।
वहीं, उ.-पश्चिम, उ.-पूर्व, पूर्व, पूर्व-मध्य भारत और द. पूर्वी प्रायद्वीपीय भारत के कुछ इलाकों में सामान्य से अधिक बारिश संभव, पर बड़े हिस्से में कम रहेगी।
अब तक 14% कम बरसा
| महिना | अब तक वर्षा | सामान्य वर्षा | अंतर |
| जून | 106.8 मिमी | 165.3 मिमी | -35% |
| जुलाई | 283.3 मिमी | 280.5 मिमी | +1% |
| अगस्त | 213.3 मिमी | 254.9 मिमी | -16% |
| कुल | 603.4 मिमी | 700.7 मिमी | -14% |
