मध्यप्रदेश में फिर झमाझम का अलर्ट: आज 19 जिलों में भारी बारिश

पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश से सामान्य से ऊपर पहुंचा आंकड़ा अब मानसूनी तंत्र उत्तर की ओर बढ़ गया है। शनिवार को 19 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट है।

श्योपुर-शिवपुरी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बारिश और बाढ़ के खतरे को देखते हुए ग्वालियर-चंबल के कई जिलों समेत रायसेन में स्कूल बंद रखे गए हैं।

मध्यप्रदेश में मानसून का असर अब उत्तर और मध्य हिस्से में ज्यादा दिखाई देगा। पूर्वी हिस्से में लगातार बारिश के बाद सक्रिय हुआ मौसमी तंत्र अब ग्वालियर-चंबल की ओर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

श्योपुर और शिवपुरी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, सागर, गुना, अशोकनगर, विदिशा, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा और मंदसौर में भारी बारिश हो सकती है।