मध्य प्रदेश में ब्रेक के बाद मानसून फिर सक्रिय है। शनिवार को 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। प्रदेश में अब तक 31.5 इंच बारिश हुई है, जो सामान्य से 2.7 इंच और 8 प्रतिशत कम है।
मध्य प्रदेश में कुछ दिन थमी बारिश ने फिर जोर पकड़ लिया है। शुक्रवार को भोपाल समेत कई जिलों में बारिश हुई।
भोपाल में तेज आंधी के साथ हुई बारिश के दौरान दृश्यता 100 मीटर से भी कम रह गई। दमोह में निचले इलाकों में पानी भर गया।
मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिन प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
इन 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उज्जैन, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, देवास, हरदा, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट और छतरपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
वहीं भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, आलीराजपुर, बुरहानपुर, झाबुआ, नीमच, मंदसौर, शाजापुर, रतलाम और बैतूल समेत कई जिलों में हल्की से तेज बारिश हो सकती है।
जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडोरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया समेत अन्य जिलों में भी बारिश के आसार हैं।
तीन-चार दिन से थमी थी बारिश, अब फिर राहत
प्रदेश के कई इलाकों में पिछले तीन-चार दिन से बारिश नहीं होने के कारण गर्मी और उमस बढ़ गई थी। शुक्रवार को बारिश शुरू होने के बाद मौसम बदला और लोगों को राहत मिली।
भोपाल में बारिश के दौरान तेज हवा के कारण सड़क पर दृश्यता काफी कम हो गई। दमोह में तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया।
खंडवा में भी दोपहर में पहले तेज हवा चली और इसके बाद बारिश हुई। टीकमगढ़ में बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहाना हो गया।
