आइएमडी ने दिए संकेत: औसत से 15% कम बरसा, 16 राज्यों में भारी कमी
नई दिल्ली. दक्षिण-पश्चिम मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग की ओर से सोमवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां बन रही हैं।
जबकि मानसून के लौटने की प्रक्रिया शुरू होने की सामान्य तिथि 17 सितंबर है। लेकिन इस बार मानसून ट्रफ के सक्रिय रहने एवं पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव के चलते उत्तर-पश्चिम व मध्य भारत में मानसून की सक्रियता आगे बढ़ गई।
आइएमडी के अनुसार मानसून के लौटने से पहले राजस्थान-मध्यप्रदेश समेत कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटों में यहां हुई बारिश
बीते 24 घंटे में पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश दर्ज हुई। बांसवाड़ा के लोहारिया में 4 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा पश्चिमी मध्यप्रदेश, हरियाणा तथा गुजरात क्षेत्र में 4 से 5 इंच तक बारिश हुई।
अहमदाबाद में बारिश के बाद स्कूल बस पानी में फंस गई। केदारनाथ रूट पर बारिश-लैंडस्लाइड के दौरान एक यात्री की मौत हो गई।
उत्तरप्रदेश व बिहार के कई जिलों में नदियां उफान पर होने से बाढ़ के हालात बने हुए हैं। जिसमें बड़ी संख्या में जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मानसून सीजन (1 जून से 14 सितंबर) : एक नजर
सीजन की सामान्य औसत बारिश : 790.1 एमएम,
अब तक हुई बारिश : 673.6 एमएम,
देश में बारिश कमी : 15 प्रतिशत
देश में कम बारिश से प्रभावित : राज्य- 16, जिले- 341,
देश के 178 जलाशयों में पानी बचा : 70.29%
