एमपी में फिर सक्रिय होगा मानसून: 24 सितंबर से तेज बारिश के आसार

मानसून की विदाई से पहले मध्यप्रदेश में एक और बारिश का दौर आने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसम का तंत्र 23 सितंबर से असर बढ़ा सकता है, जबकि 24 सितंबर से कई जिलों में तेज बारिश के आसार हैं।

प्रदेश में अब तक 33.9 इंच बारिश हो चुकी है, लेकिन सामान्य कोटे से करीब 9 प्रतिशत कमी बनी हुई है।

मध्यप्रदेश में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर सक्रिय होने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसम का नया तंत्र प्रदेश में 24 सितंबर से असर दिखा सकता है।

मौसम केंद्र ने इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इससे पहले प्रदेश के कई हिस्सों में रिमझिम बारिश जारी रहने का अनुमान है।

प्रदेश में अब तक औसतन 33.9 इंच बारिश हो चुकी है। यह सामान्य बारिश 37.3 इंच का करीब 91 प्रतिशत है। यानी मानसूनी कोटे से अभी करीब 9 प्रतिशत बारिश कम है।

 

बंगाल की खाड़ी से फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार तक निम्न दाब क्षेत्र उत्तर अंडमान सागर और आसपास बना हुआ था। रविवार को यह आगे बढ़ गया।

अब इसके पश्चिम-उत्तर दिशा में बढ़ने और धीरे-धीरे मजबूत होने की संभावना है। इसके 21 सितंबर को मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरे निम्न दबाव क्षेत्र और 22 सितंबर को और अधिक मजबूत होने का अनुमान है।

इसके असर से 23 सितंबर की सुबह से मध्यप्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसके बाद 24 सितंबर से कई जिलों में तेज बारिश का दौर शुरू होने का अनुमान है।

 

24 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 24 सितंबर को छतरपुर, सतना, दमोह, डिंडौरी, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

यानी मानसून की विदाई से ठीक पहले प्रदेश में एक और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।