एमपी में फिलहाल भारी बारिश से राहत है। 13 सितंबर से पश्चिमी हिस्से में बारिश फिर जोर पकड़ सकती है।
अगस्त के आखिरी सप्ताह में हुई तेज बारिश से आंकड़े में सुधार हुआ, लेकिन पूरे प्रदेश में अब भी सामान्य से करीब 7% कम बारिश है।
मध्य प्रदेश में तेज बारिश का दौर फिलहाल थम गया है। प्रदेश में बारिश कराने वाली कोई मजबूत मौसम गतिविधि सक्रिय नहीं है।
बुधवार को ज्यादातर हिस्सों में धूप रही। अगले तीन दिन भी तेज बारिश से राहत के आसार हैं।
गुरुवार को किसी भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। शुक्रवार को उमरिया, मंडला, बालाघाट और डिंडौरी में भारी बारिश हो सकती है।
13 सितंबर से फिर बढ़ेगा बारिश का जोर
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक, फिलहाल प्रदेश में बारिश के लिए अनुकूल मजबूत गतिविधि नहीं है। पश्चिमी हिस्से में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, लेकिन इसका असर प्रदेश में ज्यादा नहीं है।
13 सितंबर से पश्चिमी मध्यप्रदेश में फिर तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है। बुधवार को ज्यादातर जिलों में मौसम साफ रहा।
भोपाल समेत कई शहरों में धूप निकलने से उमस बढ़ी। गुरुवार को भी अधिकांश जगह मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
