सफेद सोने की खरीदी का हुआ श्रीगणेश, 8411 रुपए रही मुहूर्त बोली

पहले दिन 506 वाहन और 48 बैलगाड़ियां पहुंची

कपास मंडी में कपास की रही बंपर आवक, किसानों को 10 हजार रुपए प्रति क्विंटल की उम्मीद

सुबह होते ही आनंद नगर स्थित कपास मंडी में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और वाहनों की आवाजाही बढ़ गई। कपास से भरे वाहन मंडी परिसर में पहुंचने लगे तो सफेद रुई के ढेरों के बीच किसानों की नजर बोली लगाने वाले व्यापारियों पर टिक गई।

कोई अपनी उपज की गुणवत्ता देख रहा था तो कोई भाव का अंदाजा लगा रहा था। सोमवार को पंडित राजेन्द्र परसाई द्वारा विधिवत कपास पूजन कराया गया।

इसके बाद जब कपास की पहली बोली लगी तो 8411 रुपए प्रति क्विटल का भाव मिला। किसान अश्विन दांगी की कपास केके फाईन कॉट द्वारा खरीदा। इस बोली ने सीजन को अच्छी शुरुआत दी।

नए सीजन के पहले ही दिन मंडी में 506 वाहन और करीब 48 बैलगाड़ियां कपास लेकर पहुंचीं। मंडी में दिनभर किसानों और व्यापारियों की चहल-पहल रही।

मंडी प्रबंधन के अनुसार सोमवार को कपास का अधिकतम भाव 8595 रुपए, न्यूनतम 5000 रुपए और मॉडल भाव 7500 रुपए प्रति क्विटल रहा। नमी वाली कपास 7 से 8 हजार रुपए के बीच बिकी।

 

बढ़ा कपास का रकबा, बढ़ेगी आवक

खरगोन प्रदेश के प्रमुख कपास उत्पादक जिलों में शामिल है। जिले में इस बार करीब 2 लाख 5 हजार हेक्टेयर में कपास की बोआई हुई है।

पिछले साल यह रकबा करीब 1 लाख 90 हजार हेक्टेयर था। यानी एक साल में करीब 15 हजार हेक्टेयर की बढ़ोतरी हुई है।

ऐसे में सीजन आगे बढ़ने के साथ मंडी में कपास की आवक भी बढ़ने की संभावना है। पिछले तीन वर्षों में अधिकतम भाव लगातार बढ़ा है।

अब नए सीजन की पहली बोली 8411 रुपए से शुरू होने के बाद किसानों की उम्मीद है कि आवक बढ़ने के साथ भाव भी मजबूती पकड़ेगा और सफेद सोने की चमक इस बार 10 हजार रुपए प्रति क्विटल तक पहुंचेगी।

 

पहली बोली ने बढ़ाई उम्मीद

मुहूर्त बोली में 8411 रुपए मिलने के बाद किसानों को इस बार कपास के बेहतर भाव की उम्मीद बंधी है। किसानों की नजर अब 10 हजार रुपए प्रति क्विल के भाव पर है।

व्यापारियों को भी सीजन में अच्छे कारोबार की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कपास के उत्पादन में कमी का असर आने वाले दिनों में कीमतों पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने पूजा. अर्चना कर नीलामी का शुभारंभ कराया।

उन्होंने कहा कपास निमाड़ की प्रमुख नकदी फसल है और क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। अच्छी पैदावार और उचित मूल्य किसानों की आर्थिक समृद्धि का आधार हैं।

आवक बढ़ने के साथ किसानों को मंडी में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास रहेगा। मंडी सचिव शर्मिला निनामा सहित अधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।

 

तीन साल ऐसे रहे कपास के भाव व आवक
वर्ष आवक क्विंटल में मुहूर्त भाव
2023-24 1122238 4560 से 7450
2024-25 1115730 3000 से 7885
2025-26 1103171 2811 से 9121