एमपी में गेहूं खरीदी शुरू
मध्य प्रदेश में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूँ उपार्जन प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के अनुसार, इस बार किसानों को 2625 रुपए प्रति क्विंटल का भाव मिलेगा। जानें पूरी डिटेल्स।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश के किसानों के लिए गेहूँ उपार्जन की प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू हो गई है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का सही दाम दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पहले दिन हुई 1616 क्विंटल गेहूं की खरीद
राज्य के इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में 9 अप्रैल से गेहूं खरीदी शुरू हो चुकी है।
पहले ही दिन 45 उपार्जन केंद्रों पर कुल 1616 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। वहीं, शेष संभागों में 15 अप्रैल से खरीदी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बता दें की इस वर्ष इस वर्ष गेहूं उपार्जन के लिए 19 लाख 4 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले साल से 3.60 लाख अधिक है। यह आंकड़ा राज्य में किसानों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
वहीं इस वर्ष सरकार ने 78 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन का लक्ष्य रखा है, जो पिछले वर्ष के 77 लाख मीट्रिक टन से अधिक है।
विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सरकार किसानों को बेहतर समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
97 हजार से अधिक किसानों ने कराया स्लॉट बुक
रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए अब तक 97,474 किसानों ने 4.46 लाख मीट्रिक टन गेहूं बेचने के लिए स्लॉट बुक कर लिया है।
इससे किसानों को उपार्जन केंद्रों पर भीड़ और इंतजार की समस्या से राहत मिलेगी। सरकार ने गेहूं खरीदी के लिए बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था कर ली है।
जूट बैग के साथ-साथ पीपी और एचडीपी बैग का उपयोग किया जा रहा है। उपार्जित गेहूं के सुरक्षित भंडारण के लिए भी पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
एमपी में किसानों को गेहूं का क्या भाव मिलेगा
इस वर्ष सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर बोनस राशि देने का निर्णय लिए है।
जिससे मध्य प्रदेश के किसानों को रबी विपणन वर्ष 2026-27 में गेहूँ का भाव इस प्रकार मिलेगा:
- गेहूं न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP): 2585 रुपए प्रति क्विंटल
- राज्य सरकार का बोनस: 40 रुपए प्रति क्विंटल
- कुल भुगतान: 2625 रुपए प्रति क्विंटल
