15 अप्रैल के बाद चलेगी लू
अप्रैल की शुरुआत आंधी-बारिश से होगी।1 से 4 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि का असर रहेगा,
लेकिन 15 अप्रैल के बाद मध्यप्रदेश में तेज गर्मी और लू का असर बढ़ेगा, कई जिलों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।
मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से करवट लेने वाला है। अप्रैल की शुरुआत जहां आंधी-बारिश और बादलों के साथ होगी, वहीं महीने के दूसरे हफ्ते से भीषण गर्मी अपना असली रंग दिखाने लगेगी।
मौसम विभाग के अनुसार 1 से 4 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि का असर रहेगा, लेकिन इसके बाद तापमान में तेजी से उछाल आएगा।
इन जिलों में बदलेगा मौसम
अगले 24 घंटे में ग्वालियर, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, सीधी, शहडोल, आगर-मालवा, सीहोर, खंडवा, बुरहानपुर, इंदौर, उज्जैन, धार, बड़वानी सहित कई जिलों में आंधी-बारिश का असर देखने को मिलेगा।
शुरुआती चार दिन मौसम में ठंडक और अस्थिरता बनी रहेगी। कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के चलते तापमान में गिरावट महसूस होगी।
हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। 15 अप्रैल के बाद प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज गर्मी के साथ लू चलने की संभावना जताई गई है।
ग्वालियर-चंबल सबसे ज्यादा प्रभावित
आने वाले दिनों में ग्वालियर-चंबल क्षेत्र सबसे ज्यादा गर्म रहेगा। इसके अलावा इंदौर, भोपाल, उज्जैन और सागर संभाग के शहरों में भी तापमान तेजी से बढ़ेगा।
महीने के आखिरी सप्ताह तक कई जिलों में पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
यहां दिख रहा गर्मी का असर
बदलते मौसम के बीच गर्मी ने भी दस्तक दे दी है। नर्मदापुरम में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है।
खजुराहो, दमोह, रतलाम और नौगांव में भी पारा 39 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
बड़े शहरों भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में तापमान 36 से 37 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
बार-बार बदलता रहा मौसम
इस साल फरवरी और मार्च में मौसम ने कई बार करवट ली। कई जिलों में ओले और बारिश से फसलों को नुकसान हुआ।
मार्च के आखिर तक भी आंधी-बारिश का दौर जारी रहा, जिससे गर्मी की शुरुआत टल गई थी।
अब अप्रैल में मौसम का यह उतार-चढ़ाव खत्म होकर तेज गर्मी में बदलने वाला है।
