अगले 4 दिन भारी से अति भारी बारिश के आसार, 28 जिलों में अलर्ट

मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक भारी और अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

बुधवार को इंदौर, उज्जैन समेत 28 जिलों में अलर्ट है, जबकि पन्ना, छतरपुर और खंडवा सहित कई जिलों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है।

मध्य प्रदेश में मानसून का जोर लगातार बना हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में मूसलधार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगह बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

 

भारी से अति भारी बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिन तक भारी से अति भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान 24 घंटे में 4 से 8 इंच तक वर्षा होने की संभावना है।

बुधवार के लिए श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सागर और टीकमगढ़ में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, दमोह, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा, उज्जैन, इंदौर, धार, झाबुआ, नीमच और मंदसौर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

इसके अलावा भोपाल समेत कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।

 

29 जिलों में हुई बारिश

मंगलवार को प्रदेश के 29 जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक करीब पौने दो इंच बारिश खजुराहो में हुई।

धार में डेढ़ इंच से ज्यादा, राजगढ़ में सवा इंच, रतलाम और उज्जैन में करीब पौन इंच, जबकि भोपाल, सागर और खरगोन में लगभग आधा इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई।

सतना, सीधी, टीकमगढ़, बालाघाट, बैतूल, गुना, नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा, रायसेन, छिंदवाड़ा, दमोह, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, जबलपुर, नौगांव, आगर-मालवा, मंदसौर, झाबुआ, पन्ना और हरदा समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई।