मृदा हेल्थ कार्ड क्या है? किसानों को मिलते हैं कौन-कौन से लाभ

मिट्टी सिर्फ खेती के लिए ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारी रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर खाद्य सुरक्षा तक, हर क्षेत्र में मिट्टी का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष योगदान है।

यही कारण है कि हर साल 5 दिसंबर को ‘विश्व मृदा दिवस’ (World Soil Day) मनाया जाता है। इसका उद्देश्य मिट्टी के महत्व पर जागरूकता बढ़ाना और मिट्टी के कटाव, प्रदूषण, पोषक तत्वों की कमी व उर्वरता घटने जैसी चुनौतियों पर ध्यान खींचना है।

इस मौके पर किसानों के लिए एक बेहद उपयोगी योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड (Soil Health Card) को समझना जरूरी है, जिसे अभी भी देश के बड़े वर्ग के किसान पूरी तरह नहीं जानते।

ऐसे में हम आज आपको मृदा हेल्थ कार्ड (Soil Health Card) के बारे में पूरी जानकारी दे रहे हैं, तो आइए जानते हैं, इसके बारे में।

 

मृदा हेल्थ कार्ड क्या है?

मृदा स्वास्थ्य कार्ड केंद्र सरकार की एक अहम योजना है, जिसके तहत किसानों को उनके खेत की मिट्टी की संपूर्ण जानकारी वाला कार्ड दिया जाता है।

यह कार्ड बताता है कि मिट्टी में कौन-कौन से पोषक तत्व मौजूद हैं, किसकी कमी है और कौन सा तत्व आवश्यकता से अधिक है।

यह कार्ड किसानों को यह भी सुझाता है कि फसल के अनुसार कौन-सी खाद देनी चाहिए, कितनी मात्रा में देनी चाहिए, कौन से पोषक तत्वों की पूर्ति की आवश्यकता है, मिट्टी का pH मान व लवणता स्तर क्या है। इससे किसानों के लिए खाद व उर्वरक का सही उपयोग आसान हो जाता है।

अनावश्यक रसायनों के प्रयोग में कमी आती है, मिट्टी की सेहत सुधरती है और फसल उत्पादन भी बढ़ता है। यही वजह है कि यह कार्ड किसानों की खेती लागत घटाने और पैदावार बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाता है।

 

कैसे मिलता है मृदा हेल्थ कार्ड?

कई किसान यह जानते हैं कि मृदा कार्ड लाभदायक है, लेकिन इसकी प्रक्रिया को लेकर भ्रम रहता है। दरअसल इसका तरीका बेहद सरल है।

कृषि विभाग या कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) की टीम आपके खेत से मिट्टी का सैंपल लेती है। इसके बाद यह सैंपल मान्यता प्राप्त लैब में भेजा जाता है, जहां वैज्ञानिक मिट्टी के विभिन्न तत्वों की जांच करते हैं।

टेस्ट के बाद पूरी रिपोर्ट तैयार होती है और उसी रिपोर्ट के आधार पर किसान को Soil Health Card उपलब्ध कराया जाता है।

किसान यह कार्ड दो तरीके से प्राप्त कर सकते हैं। पहला ऑनलाइन जिसके लिए किसान पोर्टल पर लॉगिन करके डाउनलोड कर सकते हैं। वहीं ऑफलाइन तरीके में इसे विभाग द्वारा सीधे प्रदान किया जाता है।

मिट्टी की जांच पूरी तरह वैज्ञानिक पद्धति से की जाती है, ताकि किसानों को सटीक और उपयोगी जानकारी दी जा सके।

 

मृदा हेल्थ कार्ड में क्या-क्या मिलती हैं जानकारियां

मृदा हेल्थ कार्ड खेती की योजना बनाने में एक तरह से ‘रोडमैप’ की तरह काम करता है। इसमें मिलने वाली प्रमुख जानकारियां इस प्रकार हैं:

  • किसान का नाम, गांव और खेत की लोकेशन
  • मिट्टी के पोषक तत्वों की मात्रा (NPK, जिंक, सल्फर आदि)
  • pH मान यानी मिट्टी की अम्लीय या क्षारीय स्थिति
  • मिट्टी की लवणता (EC वैल्यू)
  • कौन-सी खाद कितनी मात्रा में उपयोग करनी है
  • मिट्टी जैविक खेती के लिए बेहतर है या रासायनिक खेती के लिए
  • सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी व सुधार के सुझाव

इन जानकारियों के आधार पर किसान आसानी से यह तय कर सकते हैं कि कौन-सी फसल उनके खेत की मिट्टी के लिए सबसे बेहतर है। इससे फसल उत्पादन में उल्लेखनीय सुधार देखा जाता है।

 

किसान इन तरीकों से बनवा सकते हैं मृदा हेल्थ कार्ड 

इस कार्ड को बनवाने की प्रक्रिया बेहद सरल और निःशुल्क है। किसान नीचे दिए किसी भी माध्यम से इसका लाभ ले सकते हैं:

  1. नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय से संपर्क करें: किसान सीधे ब्लॉक या जिले के कृषि विभाग में जाकर आवेदन कर सकते हैं। वहां से टीम खेत का सैंपल लेने आएगी।
  2. कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) में आवेदन करें : KVK की वैज्ञानिक टीम खेत से मिट्टी लेकर उसे लैब में भेजती है और रिपोर्ट तैयार करवाती है।
  3. ऑनलाइन माध्यम : किसान घर बैठे ऑनलाइन भी अपना कार्ड देख या डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए इस वेबसाइट: soilhealth.dac.gov.in पर जाकर अप्लाई करना होगा।

सैंपल देने के बाद विभाग समय-समय पर अपडेट देता है और रिपोर्ट तैयार होते ही किसान को सूचना मिल जाती है।

 

मृदा हेल्थ कार्ड से किसानों के लिए लाभ

मृदा हेल्थ कार्ड किसान को न सिर्फ मिट्टी की सटीक जानकारी देता है, बल्कि खेती लाभकारी बनाने में मददगार साबित होता है।

इसके मुख्य फायदे इस प्रकार से हैं:

  • फसल की पैदावार बढ़ती है। 
  • उर्वरकों का सही और कम उपयोग होता है। 
  • खेती की लागत घटती है। 
  • मिट्टी की सेहत लंबे समय तक सुरक्षित रहती है। 
  • फसल चयन में मदद मिलती है। 
  • जैविक खेती को बढ़ावा मिलता है।

Gangadhar Farm Equipments – Bharat Agritech Krishi Mela में शानदार ऑफर और विशेष डिस्काउंट!