MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम ने करवट ली है, राज्य के उत्तरी हिस्से के 20 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है.
एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मौसम विभाग ने 1 से 3 फरवरी तक ग्वालियर, चंबल और उज्जैन डिवीजनों सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है.
राजगढ़ में तापमान गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस हो गया है, जबकि भोपाल सहित 25 शहरों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है.
मौसम विभाग के अनुसार 10 फरवरी तक रुक-रुक कर बारिश होने की उम्मीद है, जिससे ठंड और बढ़ेगी. इस बीच बारिश शुरू होने से पहले शनिवार को भी ठंड का असर बना रहेगा.
मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से में मौसम पूरी तरह बदल गया है. ग्वालियर और रीवा समेत करीब 20 जिलों में कोहरे की चादर छा गई है.
शनिवार सुबह ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, सतना, रीवा और सिंगरौली समेत कई जिलों के लिए हल्के से मध्यम कोहरे का अलर्ट जारी किया गया. वहीं कुछ जगहों पर विजिबिलिटी घटकर सिर्फ 50 मीटर रह गई.
फरवरी से बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने से 1, 2 और 3 फरवरी को राज्य में आंधी और बारिश कौ दौर शुरू होगा.
इसका सबसे ज़्यादा असर ग्वालियर, चंबल, सागर और उज्जैन डिवीजनों में देखने को मिलेगा.
1 फरवरी को इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 1 फरवरी को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान लगाया है. इस दौरान तापमान में भी काफी गिरावट आने की उम्मीद है.
2 और 3 फरवरी को यहां अलर्ट
इसके अलावा 2 फरवरी को नीमच, मंदसौर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में बारिश की संभावना है.
इसके अलावा 3 फरवरी के लिए ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. आंधी और तेज हवाएं भी जारी रहने की आशंका है.
क्यों बदल रहा है मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) की वजह से यह बदलाव हो रहा है।
2 से 5 फरवरी के बीच यह सिस्टम फिर सक्रिय होगा, जिसका असर मध्य प्रदेश में भी दिखेगा। इसी कारण 10 फरवरी तक कहीं-कहीं बारिश के आसार बने रहेंगे।
पहले कोहरा, फिर बारिश
बारिश से पहले कोहरे ने परेशानी बढ़ाई है। शनिवार सुबह ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, सतना, रीवा और सिंगरौली समेत कई जिलों में कोहरा छाया रहा। भोपाल और आसपास के इलाकों में भी सुबह के समय धुंध रही।
