मध्यप्रदेश सरकार ने गेहूं खरीदी को किसान हितैषी बनाते हुए MSP पर 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने और पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च करने का फैसला किया है।
मध्य प्रदेश सरकार ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं उपार्जन (Procurement) व्यवस्था को और अधिक किसान हितैषी बनाने का निर्णय लिया है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि किसानों की भारी मांग और सुविधा को देखते हुए पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च से बढ़ाकर अब 10 मार्च कर दी गई है।
किसानों को गेहूं पर मिलेगा 40 रुपए बोनस
राज्य सरकार ने किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए गेहूं के समर्थन मूल्य 2585 रुपए पर 40 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देने का ऐतिहासिक फैसला लिया है।
जिससे मध्य प्रदेश के किसानों को अब गेहूं का भाव 2625 रुपए प्रति क्विंटल मिलेगा।
- गेहूं कानया भाव: 2625 रुपए प्रति क्विंटल (बोनस सहित)।
- गेहूं पुराना भाव: 2585 रुपए प्रति क्विंटल।
इस निर्णय से प्रदेश के लाखों अन्नदाताओं को उनकी मेहनत का बेहतर दाम मिल सकेगा
12 लाख से अधिक किसानों ने कराया पंजीयन
खाद्य मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन के लिये अब तक 12 लाख 4 हजार 708 किसानों ने पंजीयन करा लिया है।
जिसमें श्योपुर में 9428, खंडवा में 23017, दमोह में 21390, नरसिंहपुर में 24968, शहडोल में 4710, खरगोन में 11945, कटनी में 25497, रतलाम में 30466, सागर में 46731, राजगढ़ में 65029, शिवपुरी में 7633, डिण्डोरी में 2281, धार में 34283, बुरहानपुर में 206, विदिशा में 62996, मऊगंज में 2727, दतिया में 7420, गुना में 11984, मण्डला में 13391, रीवा में 23380, आगर मालवा में 31318, पन्ना में 11994, जबलपुर में 25698, नीमच में 8122, सीहोर में 80036 किसान शामिल है।
इसी तरह बालाघाट में 1766, सिंगरौली में 2811, अलीराजपुर में 248, मैहर में 8625, पांढुर्णा में 305, सिवनी में 35081, बैतूल में 9725, झाबुआ में 5256, शाजापुर में 58982, मंदसौर में 40204, ग्वालियर में 5984, निवाड़ी में 1802, उज्जैन में 95821, इंदौर में 32837, देवास में 57021, रायसेन में 51085, बड़वानी में 1911, अनूपपुर में 192, सतना में 31670, मुरैना में 4428, हरदा में 29805, छतरपुर में 15643, सीधी में 4357, टीकमगढ़ में 7141, अशोकनगर में 7339, नर्मदापुरम में 53086, छिंदवाड़ा में 14945, उमरिया में 5854, भोपाल में 27663 और भिण्ड में 6471 किसानों ने पंजीयन कराया है।
पंजीयन की नि:शुल्क और सशुल्क व्यवस्था
सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए पंजीयन की नि:शुल्क व्यवस्था कई स्थानों पर की है, जिनमें शामिल हैं:
- ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत कार्यालय,
- तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्र,
- सहकारी समितियां और सहकारी विपणन संस्थाएं,
वहीं सशुल्क पंजीयन के लिए किसान निम्न स्थानों पर आवेदन कर सकते हैं:
- एमपी ऑनलाइन कियोस्क
- कॉमन सर्विस सेंटर (CSC)
- लोक सेवा केंद्र
- निजी साइबर कैफे
सरकार का कहना है कि इस निर्णय से अधिक किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ मिलेगा और प्रदेश के किसानों की आय में वृद्धि होगी।
