किसानों को आधी कीमत पर मिलेंगे उच्च गुणवत्ता वाले हाइब्रिड बीज

चीता बीज को बनाया जाएगा ग्लोबल ब्रांड

मध्य प्रदेश के सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने बीज संघ की बैठक में बड़ा फैसला लिया है।

अब किसानों को बाजार से आधी कीमत पर उच्च गुणवत्ता वाले हाइब्रिड बीज मिलेंगे और ‘चीता बीज’ को विश्व स्तर पर प्रमोट किया जाएगा।

मध्य प्रदेश सरकार ने किसानों को किफायती दरों पर उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराने और बीज उत्पादन बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने राज्य सहकारी बीज एवं विपणन संघ मर्यादित, भोपाल (बीज संघ) के संचालक मंडल की बैठक में बीज उत्पादन बढ़ाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा किसानों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

बाजार से आधी कीमत पर मिलेंगे हाइब्रिड बीज

बैठक में बताया गया कि राज्य सहकारी बीज एवं विपणन संघ द्वारा मक्का, नॉन-जीएम कपास और सब्जियों के हाइब्रिड बीजों का उत्पादन और विपणन किया जाएगा।

सरकार का लक्ष्य है कि किसानों को बाजार दर की तुलना में लगभग आधी कीमत पर उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराए जाएं, जिससे खेती की लागत कम हो और उत्पादन बढ़े।

मंत्री सारंग ने बीज संघ के ‘चीता बीज’ को विश्व स्तरीय ब्रांड के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।

इसके लिए बीजों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और ब्रांडिंग में सुधार के साथ सोशल मीडिया, कृषि मेलों और प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

 

बीज प्रसंस्करण सुविधाएं होंगी मजबूत

बीज प्रसंस्करण को आधुनिक बनाने के लिए नई सीड प्रोसेसिंग यूनिट और कलर सॉर्टेक्स मशीनें स्थापित की जाएंगी।

पहले चरण में यह कार्य गुना और खरगोन जिलों में शुरू होगा, जिसे बाद में अन्य जिलों तक विस्तार दिया जाएगा।

मंत्री ने निर्देश दिए कि किसानों को बीज उत्पादन के लिए प्रशिक्षित किया जाए। जो किसान पहले से बीज उत्पादन में अच्छा कार्य कर रहे हैं, उन्हें अन्य किसानों के लिए रोल मॉडल बनाकर प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा।

प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार बीज उत्पादन योजनाएं तैयार की जाएंगी, ताकि हर क्षेत्र में उपयुक्त बीज उपलब्ध हो सकें और उत्पादन क्षमता बढ़े।

सरकार का यह कदम किसानों को सस्ते, गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के साथ-साथ कृषि उत्पादन और आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।