MP : मानसून की रफ्तार तेज, 46 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

72 घंटे में पूरे प्रदेश में देगा दस्तक

मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री के बाद मौसम तेजी से बदल रहा है।

प्रदेश के 46 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अगले 2 से 3 दिनों में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में मानसून सबसे आखिर में पहुंचेगा।

मध्य प्रदेश में मानसून ने आखिरकार दस्तक दे दी है और अब अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश का अधिकांश हिस्सा इसकी चपेट में आने वाला है।

मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 46 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं ग्वालियर-चंबल संभाग प्रदेश का ऐसा क्षेत्र रहेगा, जहां मानसून सबसे आखिर में पहुंचेगा।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के 15 जिलों में मानसून सक्रिय हो चुका है।

 

तेज हवाओं के साथ बारिश

मानसूनी सिस्टम के मजबूत होने से भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, इंदौर, उज्जैन, देवास, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, सागर और बुंदेलखंड के कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में अभी भी गर्मी और उमस बनी रहेगी। नीमच, मंदसौर, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, रीवा और सिंगरौली में दिनभर उमस भरा मौसम रहने का अनुमान है, जबकि सीधी जिले में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

 

इन जिलों में पहुंच चुका है मानसून

मौसम विभाग ने अलीराजपुर, बड़वानी, धार, इंदौर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी में मानसून के प्रवेश की आधिकारिक घोषणा कर दी है।

विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो से चार दिनों में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा।