किसानों के खातों में आज आएंगे 2000 रुपये, PM मोदी जारी करेंगे 23वीं क़िस्त

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बंगाल के तारकेश्वर से किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी करेंगे. इसके तहत 9 करोड़ से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे.

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का इंतजार कर रहे किसानों का इंतजार बस खत्म ही होने वाला है.

इस योजना के तहत देश के करोड़ों किसानों के लिए आज यानी शनिवार 20 जून 2026 का दिन खास रहने वाला है. केंद्र सरकार आज योजना की 23वीं किस्त जारी करेगी.

इस किस्त के तहत 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी.

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि 20 जून को ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ मनाया जाएगा.

इसी अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर से पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे.

 

आज कितने बजे खाते में आएंगे पैसे

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना देश के किसानों को आर्थिक सहायता देने के लिए चलाई जा रही है. इस योजना के तहत किसानों को हर साल 6,000 रुपये दिए जाते हैं.

ह राशि तीन बराबर किस्तों में किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है. अब किसान 23वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं, जो 20 जून को जारी की जाएगी.

ऐसे में अगर आप जानना चाहते हैं कि पीएम किसान के 2000 रुपये कितने बजे आएंगे तो हम आपको बता दें कि शाम 3.45 बजे के बाद ही पैसा आपके खाते में आएगा.

 

किस्त आने से पहले जांच लें अपना स्टेटस

किस्त आने से पहले किसान यह भी जांच सकते हैं कि उन्हें किस्त मिलेगी या नहीं. इसके लिए उन्हें पीएम किसान पोर्टल पर जाकर “Know Your Status” विकल्प पर क्लिक करना होगा.

वहां अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा. इसके बाद स्क्रीन पर किसान की पूरी जानकारी दिखाई देगी.

यहां यह देखा जा सकता है कि e-KYC पूरी हुई है या नहीं, आधार लिंक है या नहीं और दस्तावेज सत्यापित हुए हैं या नहीं.

यदि सभी जानकारी के सामने “Yes” लिखा हुआ दिखाई देता है, तो किसान निश्चिंत रह सकते हैं कि उनकी किस्त समय पर खाते में पहुंच जाएगी.

 

कब आई थी PM किसान की आखिरी किस्त

20 जून को होने वाले कार्यक्रम के दौरान बंगाल में प्रधानमंत्री कृषि से जुड़ी योजनाओं पर भी बात कर सकते हैं.

बता दें कि इससे पहले प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त 13 मार्च 2026 को असम के गुवाहाटी से जारी गई थी.

 

किन किसानों की रुक सकती है किस्त?

कई किसान ऐसे हैं जिनकी किस्त सिर्फ एक छोटी सी गलती की वजह से रुक सकती है. सबसे बड़ा कारण e-KYC का पूरा न होना है.

सरकार ने सभी लाभार्थी किसानों के लिए e-KYC को अनिवार्य कर दिया है. यदि किसी किसान ने अभी तक अपनी e-KYC पूरी नहीं की है, तो उसके खाते में किस्त का पैसा नहीं आएगा.

इसके अलावा जिन किसानों के बैंक खाते आधार कार्ड से लिंक नहीं हैं, उन्हें भी परेशानी हो सकती है. सरकार किसानों की पहचान और भुगतान को सुरक्षित बनाने के लिए आधार लिंकिंग को जरूरी मानती है. इसलिए किसानों को तुरंत अपने बैंक खाते और आधार की जानकारी जांच लेनी चाहिए.