रतलाम. अब महिला किसान भी अत्याधुनिक तकनीक से खेती कर रही हैं। जिले के कुशलगढ़-पिपलौदा की किसान मधुबाला पाटीदार ने पॉलीहाउस तकनीक अपनाकर गुलाब की खेती से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की है।
उन्होंने 2 बीघा में पॉलीहाउस स्थापित कर फूलों की खेती शुरू की, जिससे सालाना लगभग 25 लाख की आमदनी हो रही है।
मजदूरी एवं अन्य खर्च निकालने के बाद 12 से 13 लाख रुपए का मुनाफा प्राप्त होता है। मधुबाला ने बताया कि गुलाब रतलाम के अलावा भोपाल, दिल्ली में भेजे जाते हैं।
पॉलीहाउस मे खेती की जानकारी उद्यानिकी विभाग से मिली। सरकारी योजना के तहत आर्थिक सहायता भी मिली।
ऐसे बढ़ी आय
मधुबाला ने बताया कि उबड़-खाबड़ खेत समतल करवाकर खेती योग्य बनाया गया। इसके बाद 2 बीघा में पॉलीहाउस बनाकर गुलाब की खेती शुरू की।
सफलता मिली तो 15-16 बीघा में पॉलीहाउस स्थापित कर ककड़ी, गुलाब की खेती शुरू की।
पहले सोयाबीन, चना, गेहूं की खेती में कम उत्पादन से मजदूरी का खर्च निकालना भी मुश्किल होता था। अब आमदनी कई गुना बढ़ गई है।
