उत्तर भारत में बर्फबारी से एमपी में कड़ाके की सर्दी

एमपी में बर्फीली हवाओं के कारण ठंडक बढ़ गई है। रात के तापमान में मामूली गिरावट देखी गई जबकि दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ है।

अगले तीन दिनों में शीतलहर और कोहरे की संभावना जताई गई है। राजधानी भोपाल में भी कोहरे ने चादर ओढ़ कर नए साल का स्वागत किया है।

 

घने कोहरे से नए साल का स्वागत

मध्य प्रदेश में बादलों के छटते ही कड़ाके की ठंडक ने दस्तक दे दी है। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी के कारण वहां से आ रही हवाओं ने मध्यप्रदेश के मौसम में ठंडक घोल दी है।

रात के तापमान में भले बड़ी गिरावट न आई हो, लेकिन दिन का पारा गिरने लगा है।

मंगलवार को प्रदेश के सात शहरों में शीतल दिन की स्थिति बनी। जानकारों ने अगले तीन दिनों में शीतलहर और कोहरे की संभावना जताई है।

मंगलवार को प्रदेश में रात का सबसे कम 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में रिकार्ड किया गया।

13 शहरों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से कम पर रहा। वहीं दिन का सबसे कम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रायसेन में दर्ज किया गया।

सात शहरों भोपाल, रायसेन, जबलपुर, नौगांव, सागर, टीकमगढ़ एवं उमरिया में शीतल दिन रहा।

 

मौसम विभाग का अनुमान

मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश की सभी जिलों के मौसम को शुष्क बने रहने का अनुमान जताया है।

हालांकि कुछ जिलों में शीत लहर चलने और शीतल दिन रहने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

मंदसौर, नीमच, जबलपुर, पन्ना, रायसेन, राजगढ़, रीवा, छतरपुर, टीकमगढ़, जिलों में शीत लहर चल सकती है।

आगर मालवा से लेकर गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, भोपाल, विदिशा, सीहोर, सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, दमोह, सागर, निवाड़ी, मैहर और सतना जिला में कोहरा छाए रह सकता है।

जनवरी के पहले सप्ताह में प्रदेश में कड़ाके की सर्दी बनी रह सकती है।

 

प्रदेश में न्यूनतम तापमान

प्रदेश के प्रमुख स्थानों के न्यूनतम तापमान को देखें तो पचमढ़ी में 8.5, रायसेन में 9.1, राजगढ़ में 5.6, भोपाल में 9.6, ग्वालियर में 11.4, इंदौर में 14.3, उज्जैन में 13, जबलपुर में 9.5, मंडला में 6.7, उमरिया में 9.6 और बालाघाट में 9.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।

 

अधिकतम तापमान में गिरावट

अधिकतम तापमान में भी बड़ी गिरावट आई है। अधिकांश जिलों का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के नीचे ही रिकॉर्ड हुआ।

रायसेन में तो अधिकतम तापमान गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

भोपाल में 19.9, ग्वालियर में 18.2, उज्जैन में 24, जबलपुर में 19.7, नौगांव में 17.4, सीधी में 20 और टीकमगढ़ में 19 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ।

इन कृषि यंत्रो को सब्सिडी पर लेने हेतु 06 जनवरी तक करें आवेदन