सतना: पारंपरिक खेती छोड़ 400 पौधे लगाए
भगवान राम की वनवास स्थली चित्रकूट क्षेत्र में अब थाईलैंड के प्रसिद्ध थाई पिंक अमरूद की महक फैल रही है।
मझगवां ब्लॉक के खुटहा गांव के किसान कृष्ण केशव त्रिपाठी ने एक एकड़ खेत में 400 थाई पिंक अमरूद के पौधे लगाए हैं।
जब फल आते हैं तो काफी दूर तक खुशबू महसूस की जा सकती है। वर्तमान में इन पेड़ों में फूल आने लगे हैं।
किसान कृष्ण केशव बताते हैं कि उनके पास खेती की पांच एकड़ जमीन है। पहले पारंपरिक खेती करते थे। उसमें कम ही फायदा होता था।
ऐसे में कोरोना महामारी के दौरान कुछ नया करने का सोचा और फलों की खेती शुरू करने का फैसला किया। इसके बाद ही अमरूद के पौधे लगाए।
खेती का गणित
कृष्ण केशव ने आंध्रप्रदेश से 400 पौधे मंगाए थे। एक एकड़ में लगाया। करीब 200 रुपए प्रति पौधा लागत आई। सुरक्षा सहित मिलाकर लगभग एक लाख खर्च हुए।
शुरुआत में छोटे होने के कारण ज्यादा फल नहीं मिले। बीते साल करीब 10 क्विंटल फल बेचे। इस बार एक पेड़ से 20-50 किलो तक फल आ सकते हैं।
सामान्य देसी अमरूद 20 रुपए प्रति किलो बिकता है। थाई पिंक अमरूद 50 रुपए प्रति किलो तक बिकता है।
