PM Kisan 22nd Installment Update: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल, 13 मार्च को 9.32 करोड़ किसानों के खातों में 18,640 करोड़ रुपए की 22वीं किस्त ट्रांसफर करेंगे।
जानें किसे मिलेगा लाभ और कैसे चेक करें अपना पेमेंट स्टेटस।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मार्च 2026 को असम के गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे।
इस किस्त के तहत देश के 9.32 करोड़ किसान परिवारों के बैंक खातों में 18,640 करोड़ रुपए की राशि सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाएगी।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने आवास पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी।
2.15 करोड़ महिला किसानों को भी मिलेगा लाभ
केंद्रीय कृषि मंत्री ने बताया कि 22वीं किस्त में 2.15 करोड़ से अधिक महिला किसान भी लाभार्थी होंगी।
इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ परिवारों को भी मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि PM-Kisan योजना के तहत अब तक 4.09 लाख करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे किसानों के खातों में भेजी जा चुकी है इस योजना का लाभ देशभर के करोड़ों छोटे और सीमांत किसानों को मिल रहा है।
किसान इस तरह करें ई-केवाईसी
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए सरकार ने आधुनिक डिजिटल उपकरणों का समावेश किया है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, अब किसान “Face Authentication” आधारित मोबाइल ऐप के जरिए बिना किसी OTP या बायोमेट्रिक डिवाइस के, केवल अपना चेहरा स्कैन करके घर बैठे e-KYC पूरी कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, पीएम-किसान पोर्टल पर उपलब्ध ‘Know Your Status (KYS)’ मॉड्यूल के माध्यम से लाभार्थी एक ही स्थान पर अपनी भुगतान स्थिति, लैंड सीडिंग और आधार लिंकिंग की जांच कर सकते हैं।
किसानों की सहायता के लिए ‘किसान-eMitra’ नामक AI आधारित वॉयस चैटबॉट भी पेश किया गया है, जो 11 क्षेत्रीय भाषाओं में किसानों की शंकाओं का 24×7 समाधान कर रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी बाधाएं लगभग समाप्त हो गई हैं।
