प्रदेश के पूर्वी हिस्से में तेज हवा, गरज और चमक के साथ बारिश
भोपाल. प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। खासकर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में अनेक स्थानों पर तेज हवा, गरज चमक के साथ बारिश हो रही है।
बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी के कारण मौसम के मिजाज में यह बदलाव आया है। दो दिन के बाद मौसम शुष्क होगा।
फिलहाल तापमान में बहुत ज्यादा उतार चढ़ाव के आसार नहीं है। प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सीधी, मुरैना, सत्तना सहित अनेक स्थानों पर सोमवार को गरज चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। सीधी सिंगरौली सहित अनेक स्थानों पर तेज हवा भी चली।
भोपाल में आशिंक बादल रहे। अभी अनेक स्थानों पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य या इससे अधिक बने हुए है।
अरब सागर, बंगाल की खाड़ी की ओर से नमी
मौसम विज्ञानिक डी अरुण शर्मा ने बताया कि इस समय बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र बना हुआ है। इसी प्रकार एक ट्रफ उत्तर पश्चिम उप्र से राजस्थान होते हुए उत्तर गुजरात तक है।
एक ट्रफ दक्षिण कर्नाटक से मराठवाड़ा तक बनी हुई है। इसके चलते बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों ही ओर से नमी आ रही है। इसके कारण, खासकर पूर्वी हिस्सों में बारिश, गरज चमक की स्थिति बन रही है।
दिन में धूप, शाम को बदला रंग
सोमवार को कई शहरों में सुबह से दोपहर तक तेज धूप रही, लेकिन शाम होते-होते मौसम पलट गया। जबलपुर में धूल भरी आंधी चली और बूंदाबांदी दर्ज की गई। वहीं रीवा और सीधी में भी बारिश हुई।
रात के समय ग्वालियर, मुरैना, सागर, दमोह और खरगोन सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा का असर दिखाई दिया।
