खेती में खाद और बीज का समान छिड़काव करने के लिए फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर एक बेहतरीन कृषि यंत्र है। जानें इसके प्रकार, कीमत और इस पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी की पूरी जानकारी।
पारंपरिक तरीके से खेतों में खाद या बीज का छिड़काव करना न सिर्फ थकाऊ होता है, बल्कि इसमें खाद की बर्बादी भी अधिक होती है।
किसानों की इसी समस्या को दूर करने के लिए आधुनिक कृषि में फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर (Fertilizer Broadcaster) बेहद उपयोगी साबित हो रहा है।
इस यंत्र की मदद से कम समय और कम लागत में पूरे खेत में एक समान रूप से दानेदार खाद और बीज का छिड़काव किया जा सकता है।
यह यंत्र मुख्य रूप से दो रूपों में उपलब्ध है: हस्त चालित (Manual) और ट्रैक्टर चालित (Tractor Operated)। आइए जानते हैं इस बेहतरीन कृषि यंत्र की बनावट, कीमत और इस पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी के बारे में।
फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर क्या है?
फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर एक ऐसा कृषि यंत्र है जिसका उपयोग खेतों में दानेदार उर्वरक और बीज का समान रूप से छिड़काव करने के लिए किया जाता है। यह मुख्य रूप से दो प्रकार का होता है –
- हस्तचालित (Hand Operated Broadcaster)
- ट्रैक्टर चालित (PTO Operated Broadcaster)
दोनों मॉडलों में एक हॉपर (Hopper) और घूमने वाली स्पिनिंग डिस्क लगी होती है। हॉपर से खाद या बीज डिस्क पर गिरता है और डिस्क की तेज गति से वह पूरे क्षेत्र में समान रूप से फैल जाता है। छिड़काव की मात्रा को शटर प्लेट के माध्यम से नियंत्रित किया जा सकता है।
ट्रैक्टर चालित बनाम हस्त चालित ब्रॉडकास्टर बनाबट (तुलना तालिका)
|
बनावटविवरण |
ट्रैक्टरचालित (Tractor Operated) |
हस्तचालित (Manual) |
|
शक्तिस्रोत |
ट्रैक्टर (35 HP या उससे अधिक) |
एक व्यक्ति (मैन्युअल) |
|
हॉपरक्षमता |
300 किलोग्राम |
10 किलोग्राम |
|
यंत्रकावजन |
100 किलोग्राम |
4 किलोग्राम |
|
यंत्रकाआकार/ऊंचाई |
180 सेंटीमीटर |
लंबाई: 41 सेंटीमीटर, चौड़ाई: 38.5 सेंटीमीटर, ऊंचाई: 41 सेंटीमीटर |
|
कार्यक्षेत्र (औसत) |
2.50 हेक्टेयरप्रतिघंटा |
1.0 हेक्टेयरप्रतिघंटा |
उपयोग से होने वाले बड़े फायदे
इस आधुनिक यंत्र को अपनाने से किसानों को निम्नलिखित लाभ मिलते हैं:
- 3 गुना अधिक कार्यक्षमता: यह पारंपरिक (हाथ से फेंकने) तरीके की तुलना में काम करने की क्षमता को तीन गुना तक बढ़ा देता है।
- एक समान छिड़काव: पूरे खेत में खाद और बीज का छिड़काव बिल्कुल बराबर होता है, जिससे फसल की ग्रोथ एक जैसी होती है।
- महिलाओं के अनुकूल: हस्त चालित ब्रॉडकास्टर वजन में हल्का (मात्र 4 किलो) होता है, जिसे कंधे पर टांगकर आसानी से चलाया जा सकता है। इससे महिला किसानों की मेहनत और परेशानी कम होती है।
- बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षा: खाद के साथ हाथों का सीधा संपर्क नहीं होता, जिससे रासायनिक खादों से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी खतरों से बचाव होता है।
फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर पर कितनी सब्सिडी मिलती है?
कृषि को आधुनिक बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा देशभर में सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाईजेशन (SMAM) योजना चलाई जा रही है।
इस योजना के तहत फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर पर भारी अनुदान (Subsidy) दिया जाता है:
- लघु, सीमांत, महिला और SC/ST किसान: कृषि यंत्र की कीमत पर 50% तक की सब्सिडी।
- अन्य वर्ग के किसान: 40% तक की सब्सिडी।
- राज्य सरकार की विशेष योजनाएं: कुछ राज्यों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार 40% से लेकर 80% तक सब्सिडी दिए जाने का भी प्रावधान है।
फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर की कीमत
बाजार में विभिन्न कंपनियों के मॉडल उपलब्ध हैं।
- हस्तचालित ब्रॉडकास्टर: लगभग 5,000 रुपए से लेकर ₹10,000 रुपए तक
- ट्रैक्टर चालित ब्रॉडकास्टर: लगभग ₹30,000 से ₹50,000 (मॉडल और क्षमता के अनुसार)
कीमत कंपनी, क्षमता और क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।
फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर कृषि यंत्र पर सब्सिडी कैसे मिलेगी
यदि आप सरकारी योजना के तहत अनुदान पर यह यंत्र खरीदना चाहते हैं, तो अपने ब्लॉक या जिले के कृषि विभाग (Agriculture Department) में आवश्यक दस्तावेजों (जैसे- आधार कार्ड, भूमि के दस्तावेज, बैंक पासबुक आदि) के साथ आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा कई राज्यों में इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल के जरिए भी आवेदन स्वीकार किए जाते हैं। लॉटरी या पात्रता के आधार पर चयन होने के बाद आप सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं।
