अब एमपी में नहीं चलेगा नकली बीज-खाद का खेल, शुरू हुई सख्त कार्रवाई

प्रदेश में किसानों को नकली बीज, खाद और कीटनाशकों से बचाने के लिए कृषि विभाग ने गुणवत्ता नियंत्रण अभियान तेज कर दिया है।

लगातार निरीक्षण, सैंपल जांच और सख्त कार्रवाई के जरिए किसानों तक प्रमाणित कृषि आदान पहुंचाने तथा कृषि उत्पादकता और आय बढ़ाने पर फोकस किया जा रहा है।

प्रदेश में किसानों को अच्छा बीज, उर्वरक और कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग लगातार सक्रिय है.

विभाग का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था विकसित करना है, जिससे किसानों तक प्रमाणित कृषि सामग्री समय पर पहुंचें और खेती अधिक लाभकारी बन सके.

विभाग का मानना है कि गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों का उपयोग ही बेहतर उत्पादन, कम लागत और किसानों की आय बढ़ाने का सबसे महत्वपूर्ण आधार है.

राज्य में खरीफ और रबी दोनों सीजन के दौरान कृषि सामग्री की मांग को देखते हुए विभाग ने निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया है.

प्रदेशभर में बीज, उर्वरक एवं कीटनाशकों के विक्रय केंद्रों, गोदामों और वितरण व्यवस्था का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है.

अधिकारी समय-समय पर नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराते हैं, ताकि किसानों तक नकली, अमानक या घटिया कृषि सामग्री न पहुंच सके.

 

नियमों के पालन पर विशेष जोर

कृषि विभाग ने सभी लाइसेंसधारी विक्रेताओं को निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं.स्टॉक, मूल्य सूची, बिलिंग व्यवस्था और गुणवत्ता मानकों की नियमित जांच की जा रही है.

जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाती है, ताकि बाजार में पारदर्शिता बनी रहे और किसानों के हित सुरक्षित रहें.

 

गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों से बढ़ेगी उत्पादकता

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार प्रमाणित बीज, संतुलित उर्वरक और सही गुणवत्ता वाले कीटनाशकों के उपयोग से फसलों की वृद्धि बेहतर होती है.

इससे उत्पादन में वृद्धि होती है, लागत कम होती है और किसानों को अधिक लाभ मिलता है.

गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों के उपयोग से फसलों में रोग एवं कीटों का प्रबंधन भी प्रभावी ढंग से किया जा सकता है, जिससे उत्पादन की गुणवत्ता में भी सुधार होता है.

 

किसानों से की गई अपील

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही बीज, उर्वरक और कीटनाशक खरीदें.

खरीदारी के समय पक्का बिल अवश्य लें और उसे सुरक्षित रखें.

यदि किसी कृषि सामग्री की गुणवत्ता पर संदेह हो या किसी प्रकार की अनियमितता दिखाई दे, तो इसकी जानकारी तुरंत स्थानीय कृषि अधिकारी या कृषि विभाग के कार्यालय को दें, ताकि समय पर जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा सके.

 

समृद्ध कृषि की दिशा में मजबूत पहल

कृषि विभाग का कहना है कि किसानों, विक्रेताओं और प्रशासन के सामूहिक सहयोग से ही प्रदेश में सुरक्षित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण कृषि व्यवस्था स्थापित की जा सकती है.

विभाग का लक्ष्य किसानों को बेहतर कृषि सामग्री उपलब्ध कराकर खेती को अधिक उत्पादक, लाभकारी और टिकाऊ बनाना है.

गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने की यह पहल किसानों की आय बढ़ाने और प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.