भोपाल सहित 30 जिलों में बारिश के साथ तेज आंधी का अलर्ट जारी

प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां अब तेज हो चुकी हैं। भोपाल और ग्वालियर सहित 30 जिलों में बारिश और तेज आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे अधिकांश बड़े शहरों में पारा 40 डिग्री से नीचे आ गया है।

मानसून की आधिकारिक दस्तक से पहले ही मध्य प्रदेश का मौसम पूरी तरह बदल चुका है। रविवार को भोपाल समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश देखने को मिली।

इसके बाद मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भोपाल और ग्वालियर संभाग में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

 

30 जिलों में बारिश की संभावना

सोमवार को आगर-मालवा, राजगढ़ और सीहोर में तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, शाजापुर, रतलाम, नीमच, मंदसौर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में दोपहर बाद बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

 

आंधी-बारिश से कई जिलों में असर

रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश ने असर दिखाया। भोपाल में दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही, जबकि सीहोर, रायसेन, इंदौर और खरगोन में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई।

तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही, वहीं रायसेन में कुछ स्थानों पर मकानों के छप्पर उड़ गए। बारिश और तेज हवाओं का असर खेती-किसानी के कामों पर भी पड़ा।

 

तापमान में आई बड़ी गिरावट

लगातार बदले मौसम का असर तापमान पर साफ दिखाई दे रहा है। प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

शिवपुरी सबसे ठंडे शहरों में शामिल रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।