मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के 85 लाख से अधिक किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना वर्ष 2025-26 की प्रथम किस्त के रूप में 1704.94 करोड़ रुपए की राशि किसानों के बैंक खातों में जारी की।
कृषि क्षेत्र में निवेश के लिए किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इस कड़ी में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा “मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना” शुरू की गई है।
योजना के तहत पीएम किसान योजना के लाभार्थी किसानों को हर साल 6 हजार रुपये की सहायता तीन किस्तों में दी जाती है, जिससे प्रदेश के किसानों को 12,000 रुपये प्रतिवर्ष मिलते हैं।
03 अप्रैल के दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वित्त वर्ष 2025-26 के अंतर्गत किसानों को पहली किस्त जारी की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धार के उमरबन में आयोजित सामूहिक विवाह एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम में प्रदेश के 85 लाख से अधिक किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना वर्ष 2025-26 की प्रथम किस्त के रूप में 1704.94 करोड़ रुपए की राशि किसानों के बैंक खातों में सीधे अंतरित की।
योजना के तहत किसानों को अब तक 12 किस्तें जारी की जा चुकी हैं।
सिंचाई परियोजना का किया भूमि-पूजन
मुख्यमंत्री ने धार जिले में 870 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली धार माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना एवं धार जिले के लिए 277 करोड़ के लागत से विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में नदी जोड़ो परियोजनाओं के कार्य प्रदेश में समृद्धि लाएंगे। प्रदेश का सिंचाई रकबा 55 लाख हेक्टेयर हो चुका है, अब इसे 1 लाख करोड़ हेक्टेयर तक ले जाने का लक्ष्य है।
उमरबन के 1 लाख 3 हजार किसानों को भी नई सिंचाई परियोजना का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों सहित प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं का जाल बिछाया है।
हमारा लक्ष्य प्रत्येक खेत तक पानी पहुंचाकर प्रदेश के सिंचित रकबे को 55 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 1 लाख हेक्टेयर करना है।
इसके लिए केन-बेतवा लिंक और पार्वती-चंबल-कालीसिंध लिंक परियोजनाओं की शुरुआत की है।
उन्होंने कहा कि धार को पीएम मित्र पार्क की सौगात केन्द्र से मिली है। यहां 2100 करोड़ से औद्योगिक पार्क आकार लेगा और लगभग 3 लाख रोजगार सृजित होंगे। धार अंचल के किसान कपास की खेती करेंगे तो उन्हें भी अधिक लाभ होगा।
क्या है मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना
मध्यप्रदेश सरकार मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी किसानों को तीन समान किश्तों में 6 हजार रुपये की राशि सालाना जारी करती है।
जिससे राज्य के किसानों को एक साल में कुल 12,000 हज़ार रुपये की राशि मिलती है।
योजना के तहत किसानों को 30 अप्रैल के दिन 12वीं किस्त जारी की गई।
सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए योजना के तहत 5220 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।