जानिए सितम्बर महीने में कैसी होगी बारिश, जारी किया पूर्वानुमान

मानसून की दृष्टि से देखा जाए तो सितंबर महीना मानसून का आखरी महीना है, इसके बाद धीरे-धीरे देश से मानसून की विदाई शुरू हो जाएगी।

ऐसे में अभी तक जिन क्षेत्रों में कम बारिश हुई है वहाँ के लोगों को इस महीने से काफी उम्मीदें हैं।

इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग IMD ने सितंबर महीने के लिए बारिश और तापमान का पूर्वानुमान जारी कर दिया है।

मौसम विभाग के मुताबिक सितंबर महीने में पूरे देश में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।

 

सितंबर महीने के लिए वर्षा का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार भारत के अधिकांश भागों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है, केवल सुदूर उत्तर भारत के कुछ भागों, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कई भागों और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश भागों को छोड़कर जहां सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।

पूरे देश में सितंबर महीने में औसत एलपीए का 109 प्रतिशत से अधिक वर्षा होने की संभावना है।

यहाँ बता दें कि सितंबर महीने में देश भर में बारिश का एलपीए लगभग 167.9 मिमी है।

 

इन राज्यों में होगी अच्छी बारिश

जैसा कि नीचे चित्र में नीले रंगों से दिखाया गया है सितंबर महीने में केरल, तटीय कर्नाटक, महाराष्ट्र, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड और जम्मू-कश्मीर राज्यों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है।

probability rainfall forecast for 2024 September

वहीं चित्र में पीले और लाल रंगों से दिखाए गए भागों जिसमें तमिलनाडु, कर्नाटक, आन्ध्र प्रदेश, दक्षिणी महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्र, उड़ीसा के कुछ क्षेत्र, लद्दाख, बिहार, उत्तर प्रदेश के बिहार से सटे जिलों, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, मेघालय राज्य शामिल है, में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।

 

सितंबर महीने में कैसा रहेगा तापमान

देश के अधिकांश हिस्सों में सितंबर महीने के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, केवल उत्तर पश्चिम भारत, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों और पूर्व-मध्य भारत के कुछ इलाक़ों को छोड़कर जहां सामान्य से नीचे अधिकतम तापमान रहने की संभावना है।

वहीं बात की जाए न्यूनतम तापमान की तो वह भी अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

केवल उत्तर पश्चिम भारत, हिमालय की तलहटी और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ इक्का-दुक्का इलाक़ों को छोड़कर जहां सितम्बर के दौरान सामान्य से नीचे न्यूनतम तापमान रहने की संभावना है।

Leave a Comment