मध्य प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद मानसून की एंट्री का काउंटडाउन शुरू हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य की सीमा तक पहुंच चुका है और अगले दो से तीन दिनों में बालाघाट, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।
लंबे इंतजार के बाद अब मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री का काउंटडाउन शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश की सीमा तक पहुंच चुका है और अगले दो से तीन दिनों में बालाघाट, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा के रास्ते राज्य में प्रवेश कर सकता है।
मानसून आने से पहले प्रदेशभर में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। बुधवार को भोपाल समेत 42 जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है।
बारिश और आंधी का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, शाजापुर, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बालाघाट, सिवनी, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
कई जिलों में बरसे बादल, तापमान में आई गिरावट
मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश हुई। बालाघाट में सवा इंच और रायसेन में पौन इंच वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा धार, इंदौर, नर्मदापुरम, खरगोन, राजगढ़, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और बड़वानी समेत कई जिलों में बारिश हुई।
बारिश और बादलों के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। पचमढ़ी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
भोपाल में 32.2 डिग्री, इंदौर में 33.9 डिग्री, उज्जैन में 34.8 डिग्री और जबलपुर में 35.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। दूसरी ओर दतिया और सीधी सबसे गर्म रहे, जहां पारा 41.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
