केंद्रीय कृषि मंत्री ने की समीक्षा
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रबी फसलों की कटाई और जायद सीजन में लगाई जा रही फसलों की प्रगति के संबंध में दिल्ली में साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष धान, मूंग और उड़द के बुआई के रकबे में वृद्धि हुई है।
गर्मी के सीजन में जहाँ सिंचाई की सुविधा उपलब्ध है किसान अतिरिक्त आमदनी के लिए ग्रीष्मकालीन फसलों की खेती कर रहे हैं।
इस बार गर्मी में किसानों ने धान, मूंग और उड़द की जमकर बुआई की है। इस बार जायद फसलों का बुआई रकबा पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 8 लाख हेक्टेयर बढ़ गया है।
ऐसे में किसानों को किसी तरह की परेशानी ना हो इसके लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 13 अप्रैल के दिन कृषि क्षेत्र की प्रगति के लिए दिल्ली में साप्ताहिक समीक्षा बैठक की।
कृषि मंत्री ने बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों से फसलों की कटाई, बुआई, उपार्जन आदि की स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही उपज के थोक व खुदरा मूल्यों के बारे में समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने विभिन्न उपज की पैदावार अच्छी होने की संभावना के मद्देनजर अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी व्यवस्था बनाएं, जिससे किसानों को लाभ और फसलों की पूरी खरीद हो।
धान के रकबे में हुई 4.65 लाख हेक्टेयर की वृद्धि
कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में बताया गया कि ग्रीष्मकालीन बुवाई के मौसम के लिए 9 अप्रैल 2025 तक धान की बुवाई में पिछले वर्ष की तुलना में 4.65 लाख हेक्टेयर की वृद्धि दर्ज की गई है, जो 27.33 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 31.98 लाख हेक्टेयर हो गई है।
मूंग और उड़द के रकबे में भी क्रमशः 1.65 लाख हेक्टेयर और 0.61 लाख हेक्टेयर की वृद्धि हुई है।
गेहूं के लिए प्रमुख राज्य उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और बिहार हैं, जिनमें कटाई की स्थिति बेहतर है।
बैठक में बताया गया कि 4 अप्रैल 2025 तक की स्थिति के अनुसार, पिछले वर्ष इसी अवधि में ग्रीष्मकालीन फसलों के अंतर्गत बोए गए 52.40 लाख हेक्टेयर क्षेत्र की तुलना में 60.22 लाख हेक्टेयर है।
इसमें से इस वर्ष चावल के अंतर्गत बोया गया क्षेत्र पिछले वर्ष बोए गए 27.33 लाख हेक्टेयर की तुलना में 31.98 लाख हेक्टेयर है।
रबी फसलों की कटाई के बारे में ली जानकारी
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फसल कटाई के बारे में भी अधिकारियों से जानकारी ली।
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि 4 अप्रैल 2025 तक पूरे देश में रबी की बुआई क्षेत्र के 58.71% हिस्से की कटाई की जा चुकी है।
रबी फसल 2024-25 के तहत दलहनों का लगभग 91% क्षेत्र मुख्यतः लथीरस 96%, उड़द 94%, कुलथी 90%, मूंग 89%, श्री अन्न एवं मोटे अनाजों का 69.40% क्षेत्र मुख्यतः ज्वार 95%, तिलहन का 87.02% क्षेत्र, मुख्यतः रेपसीड और सरसों 90%, गेहूं का 38% और चावल के 32.93% क्षेत्र की कटाई की जा चुकी है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों से कहा कि किसानों को खाद-बीज आदि आदानों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिस पर बैठक में सभी उर्वरक की स्थिति पर्याप्त बताई गई।
सब्सिडी पर कृषि यंत्रों के लिए आवेदन की तिथि बढ़ाई, कब तक कर सकेंगे आवेदन