केंद्रीय मंत्री शिवराज ने शुरू किया राष्ट्रव्यापी ‘खेती बचाओ अभियान’

बोले-मिट्टी का संरक्षण ही खेती और किसान दोनों के भविष्य की सुरक्षा का आधार

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन जिला मुख्यालय के निकटवर्ती ग्राम रमसिया से राष्ट्रव्यापी ‘खेती बचाओ अभियान’ का शुभारंभकिया।

इस अवसर पर उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि मिट्टी का संरक्षण ही खेती और किसान दोनों के भविष्य की सुरक्षा का आधार है।

उन्होंने कहा कि मिट्टी बचेगी तो खेती बचेगी और किसान मजबूत होगा, तभी भारत कृषि क्षेत्र में और अधिक समृद्ध, वैभवशाली एवं आत्मनिर्भर बन सकेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 1 जून से 30 जून तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य किसानों को मिट्टी संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने कहा कि धरती हमारी माता है और इसकी सेहत की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।

 

गांव-गांव पहुंचेंगे वैज्ञानिक

केंद्रीय मंत्री चौहान ने बताया कि अभियान में कृषि विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञ, कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक, विभागीय अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि गांवों में पहुंचकर किसानों को प्रशिक्षण देंगे।

उन्हें मिट्टी परीक्षण, पोषण प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, उन्नत बीज, आधुनिक बुवाई तकनीक, जल संरक्षण और कम लागत वाली खेती के तरीकों की जानकारी दी जाएगी।

 

नकली खाद और पेस्टिसाइड के खिलाफ चलेगा अभियान

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार किसानों को रियायती दरों पर उर्वरक उपलब्ध करा रही है, लेकिन इसका मतलब जरूरत से अधिक उपयोग नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नकली खाद और पेस्टिसाइड के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।

किसानों को क्षेत्र की जलवायु और मिट्टी के अनुसार उपयुक्त फसल चयन, बीज उपचार तथा हरित खाद के उपयोग की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के अनुरूप यह अभियान केवल वर्तमान पीढी के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी धरती को सुरक्षित रखने का प्रयास है।

यदि समय रहते मिट्टी का संरक्षण नहीं किया गया तो भविष्य में कृषि उत्पादन प्रभावित हो सकता है।