मानसून ने पकड़ी रफ्तार : मुंबई पहुंचा मानसून, अगले 2-3 दिनों में मध्य प्रदेश

Weather Update 23 June 2026: दक्षिण-पश्चिम मानसून मुंबई पहुंच चुका है। अगले 2-3 दिनों में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री होगी

कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश और कुछ क्षेत्रों में हीटवेव का अलर्ट जारी। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

देश के मौसम में इस समय दो बड़े बदलाव एक साथ देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां दक्षिण-पश्चिम मानसून (South-West Monsoon) ने रफ्तार पकड़ ली है और मुंबई समेत देश के कई हिस्सों को सराबोर कर दिया है, वहीं दूसरी तरफ उत्तर और मध्य भारत के कुछ राज्य अब भी भीषण गर्मी और लू (Heatwave) की चपेट में हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून की उत्तरी सीमा इस समय दहानू, वर्धा, रायपुर, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है।

 

मुंबई पहुंचा मानसून, इन राज्यों में बढ़ा आगे

23 जून 2026 को मानसून ने देश के कई हिस्सों में मजबूत दस्तक दे दी है।

महाराष्ट्र के मुंबई सहित कई और भागों, तेलंगाना और ओडिशा के शेष इलाकों के साथ-साथ छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों में मानसून सक्रिय रूप से आगे बढ़ गया है।

 

अगले 2-3 दिनों में MP-UP और गुजरात में मानसून की एंट्री

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 से 72 घंटों के भीतर मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बेहद अनुकूल हैं:

  • मध्य प्रदेश और गुजरात: अगले 2-3 दिनों यानि 25 से 26 जून के दौरान मानसून गुजरात के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश (MP) के कुछ और भागों में मानसून दस्तक दे देगा।
  • उत्तर प्रदेश और बिहार: इसके बाद के 3-4 दिनों यानि की 26 से 27 तारीख़ के दौरान मानसून झारखंड और बिहार के बचे हुए हिस्सों सहित उत्तर प्रदेश (UP) के कुछ भागों में मानसून के आगे बढ़ने की पूरी संभावना है।

 

अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी (Red Alert)

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम विभाग ने कई राज्यों में अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।

इनमें कोंकण और गोवा, असम, मेघालय, तटीय कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम राज्य शामिल हैं।

विशेष रूप से मेघालय, कोंकण और पश्चिमी तट के क्षेत्रों में प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना, गुजरात, केरल और माहे और ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

 

आंधी-तूफान और छिटपुट बारिश का अलर्ट

दिल्ली-NCR, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर हवा-आंधी और गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश होने की संभावना है।

धूल भरी आंधी और बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।

 

लू (Heatwave) का कहर जारी

जहां एक तरफ बारिश का दौर शुरू हो गया है, वहीं कुछ राज्यों को अभी 4-5 दिन और गर्मी झेलनी होगी :

  • पूर्वी उत्तर प्रदेश: अगले 4-5 दिनों तक उष्ण लहर (Heatwave) की स्थिति बनी रहेगी।
  • विदर्भ, दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार: अगले 2-3 दिनों तक लोगों को भीषण लू से सावधान रहने की सलाह दी गई है।