हथनारा में ड्रिप-स्प्रिंकलर का कमाल, फसल में आए फूल
रतलाम. समीपस्थ ग्राम हथनारा के एक किसान ने खेत पर ड्रिप-मिनी स्प्रिंकलर प्रणाली का उपयोग कर जून के पहले हफ्ते में ही सोयाबीन की बुवाई कर दी।
फसल अब लहलहा रही है। फूल भी आ चुके हैं। वहीं, जिले के अधिकांश अन्य किसान अच्छी बारिश के बेसब्री से इंतजार में हैं, जिससे बुवाई में देरी हो रही है।
हथनारा के घनश्याम पाटीदार ने बताया कि उन्होंने पहली बार अग्रिम सोयाबीन की बुवाई की है। पिछले पांच-सात वर्षों से सोयाबीन फसल के दौरान वायरस के प्रकोप से उत्पादन प्रभावित हो रहा था।
इससे निजात पाने और मानसून पर निर्भरता कम करने उन्होंने एक माह पहले ही साढ़े सात बीघा में घर का बीज ‘एनआरसी 150’ लगाया। फसल स्वस्थ है और हरी-भरी लहलहा रही है।
प्रेरणास्रोत बने
घनश्याम के अनुसार अग्रिम फसल लगभग 95 दिन में पककर तैयार हो जाएगी। उनकी यह पहल अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है।
बारिश की लंबी खेंच से भी राहत
पाटीदार ने बताया कि ड्रिप मिनी स्प्रिंकलर से पानी कम लगता है और सबसे बड़ी बात यह है कि अगर सोयाबीन की फसल में पानी की लम्बी खेंच हो जाने पर सिंचाई करने से सामान्य स्थिति बनी रहती हैं, नुकसान का जोखिम कम रहता हैं।
सामान्यतः प्रति बीघा दो से तीन क्विंटल उत्पादन होता हैं। साढ़े सात बीघा में 2 क्विंटल 20 किलो के करीब बीज लगा हैं। 95 दिन में फसल पक जाएगी। देखते है इस नवाचार का कितना फायदा होता हैं।
