हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

भागीरथ ने ब्रोकली की खेती को पहली बार झाबुआ की जमीं पर उतारा

 

अनेक पोषक तत्वों को अपने में समेटने वाली ब्रोकली की सब्जी बड़े धनाढ्य वर्ग की सब्जी मानी जाती थी, लेकिन अब यह झाबुआ में भी उपलबध हो रही है। यहां के भागीरथ ने नवाचार करते हुए इसकी खेती को यहां की जमी पर उतार दिया है।

 

एक एकड़ में उसने यह सब्जी उगाने का नवाचार किया। अब उसकी सफलता से प्रेरित होकर अन्य 15 किसान भी आगे आ रहे हैं।

 

यहां के ग्राम भूरीमाटी के कृषक भागीरथ सोलंकी हमेशा उन्नात कृषि तकनीक अपनाने की ललक रखते थे। इसी ललक के बीच वे आत्मा परियोजना के संचालक जीएस त्रिवेदी के संपर्क में आए। त्रिवेदी ने उन्हें ब्रोकली की खेती के बारे में बताया।

पिछले वर्ष तक इसकी खेती जिले में नहीं की जाती थी। जब सब्जी के गुण के बारे में भागीरथ को पता चला तो उन्होंने आगे बढ़कर इस नवाचार को किया।

 

यह भी पढ़े : जनवरी महीने में उगाएं ये सब्जियां

 

एक एकड़ क्षेत्र में 20-25 हजार रुपये की लागत से पिछले वर्ष अक्टूबर में जैविक पद्धति द्वारा ब्रोकली की सब्जी उगाई। जनवरी आते-आते 30-40 क्विंटल की पैदावार हो गई है। वे जगह-जगह इसे 50 रुपये प्रति किलो बेच रहे हैं। नवीन सब्जी होने से हाथों-हाथ सब्जी बिक भी रही है।

 

क्या है ब्रोकली

किसान भागीरथ का कहना है कि ब्रोकली एक गोभी वर्गीय सब्जी है। ब्रोकली की खेती ठीक फूलगोभी के समान की जाती है। इसके पौधे में गोभी के समान फूल लगते हैं। इस फूल को हम सब्जी के रूप में उपयोग करते हैं। वे कुछ नया करना चाहते थे। तकनीकी मार्गदर्शन मिलने से यह संभव हो पाया है।

 

यह हैं विशेषताएं

आत्मा परियोजना के उप परियोजना संचालक एनएस धार्वे का कहना है कि अन्य सब्जियों के मुकाबले ब्रोकली में पोषक तत्व बहुत अधिक हैं। यह कैंसर से लड़ने में कारगर है। शरीर में कोई संक्रमण नहीं होने देती, हड्डियों को मजबूती प्रदान करती है जिससे महिलाओं व बुजुर्गों के लिए विशेष उपयोगी है।

हृदय की धमनियों को मोटा होने से रोकती है, लो-कैलोरी की वजह से वजन कम करती है। विटामिन-सी भरपूर होने के कारण प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। मधुमेह नियंत्रण, आंखों के रोग, एनीमिया व त्वचा संबंधी रोगों से भी लड़ने में सक्षम है।

 

यह भी पढ़े : मचान विधि से करें खीरा, लौकी और करेला की खेती

 

क्या है स्वास्थ्य लाभ

इसे सुपर फूड भी कहते हैं। ब्रोकली को पकाकर, उबाल कर एवं कच्चा खाया जा सकता है, लेकिन इसे उबाल कर खाने से ज्यादा फायदा होता है। इस हरी सब्जी में प्रोटीन, कैल्शियम, कार्बोहाइड्रेट, क्रोमियम, विटामिन पाया जाता है, जो सब्जी को पौष्टिक बनाता है।

 

sorce : naidunia

 

शेयर करे