मध्य प्रदेश में 15 से 18 जून के बीच मानसून के प्रवेश की संभावना जताई गई है। इससे पहले प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी।
मंगलवार को कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 10 और 11 जून को बुंदेलखंड और चंबल संभाग के कुछ जिलों में लू चलने की चेतावनी भी दी गई है।
मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक अब करीब नजर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार 15 से 18 जून के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है। इसके इंदौर और जबलपुर संभाग के रास्ते आने के संकेत मिल रहे हैं।
इस बीच मंगलवार को नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सिवनी, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल और बालाघाट सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। प्री-मानसून गतिविधियों के चलते प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है।
मंगलवार को 20 जिलों में तेज आंधी चलने और बारिश होने का अलर्ट है। इनमें बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया और शहडोल शामिल हैं।
भोपाल-नर्मदापुरम संभाग को मिलेगी राहत
भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा जिलों में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं इंदौर, उज्जैन, धार, खरगोन, बड़वानी, खंडवा और बुरहानपुर में अरब सागर से आने वाली नमी का असर दिखाई देगा। इन इलाकों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
दो दिन लू का असर भी रहेगा
बारिश के बीच प्रदेश में गर्मी का असर भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने 10 और 11 जून को भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में लोगों को दिन के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
