प्रदेश के कई क्षेत्रों में प्री-मानसून बारिश की शुरूआत हो चुकी है, जब तक क्षेत्र में 2-3 वार बारिश न हो जाये खरीफ फसलों की बुवाई न करें एवं 100 मि.मी. बारिश होने पर बुवाई पर्याप्त नमी में करें।
उन्नत उत्पादन तकनीक
जलवायु क्षेत्र के लिए अनुकूल सोयाबीन की किस्मों का चयन करें। अंकुरण परीक्षण के माध्यम से सोयाबीन की बोवनी हेतु उपलब्ध बीज का न्यूनतम 70% अंकुरण सुनिश्चित होने पर बुवाई करें।
उर्वरक प्रबंधन
पोषण प्रबंधन के लिए अंतिम बखरनी से पूर्व गोबर की खाद 5-10 टन/है. या मुर्गी की खाद 2.5 टन/है. को खेत में फैलाकर अच्छी तरह फैला दें।
कार्बनिक खादों के अतिरिक्त सोयाबीन फसल के लिए आवश्यक पोषक तत्वों (20:60:40:20 किग्रा/है. एनःपी केः सल्फर) की पूर्ति केवल बोवनी के समय करें, जिसके लिए निम्नलिखित में से किसी एक समूह की खाद का प्रति हैक्टेयर उपयोग करें-
- यूरिया 56 किग्रा + 375-400 किग्रा सिंगल सुपर फॉस्फेट व 67 किग्रा म्यूरेट ऑफ पोटाश मात्रा प्रति हैक्टेयर।
- अथवा डीएपी 125 किग्रा + 67 किग्रा म्यूरेट ऑफ पोटाश 25 किग्रा बेंटोनाइट सल्फर मात्रा प्रति हैक्टेयर।
- अथवा मिश्रित उर्वरक 12:32:16 मात्रा 200 किग्रा + 25 किग्रा बेंटोनाइट सल्फर मात्रा प्रति हैक्टेयर।
खरीफ फसलों के लिए बुवाई तकनीक
विगत कुछ वर्षों से फसल में सूखा, अतिवृष्टि या असमायिक वर्षा जैसी घटनाएँ देखी जा रही हैं, ऐसी विपरीत परिस्थितियों में फसलों को बचाने हेतु सलाह दी जाती है कि सोयाबीन की बुवाई के लिए बी.बी.एफ. या रिज्ड फरो पद्धति का उपयोग करें।
खरीफ फसलों में बीज उपचार
सोयाबीन फसल की प्रारम्भिक अवस्था में रोग तथा कीटों से बचाव के साथ-साथ उपयुक्त पौध संख्या सुनिश्चित करने हेतु सोयाबीन में बीजोपचार अत्यंत आवश्यक है।
इसके लिए अनुशंसा है कि बीज को अनुशंसित पूर्व मिश्रित फफूंदनाशक एजोक्सीस्ट्रोबिन 2.5 प्रतिशत + थायोफिनेट मिथाइल 11.25 प्रतिशत कीटनाशक थायोमिथाक्जाम 25 प्रतिशत एफ.एस. (10 मिली/किग्रा) बीज से उपचारित करें।
अन्य विकल्प के रूप में अनुशंसित फफूंदनाशक पेनपलूफेन ट्राईफ्लॉक्सीस्ट्रोबिन 38 एफ.एस. (0.8 – 1.0 मिली/किग्रा) बीज अथवा कार्बोक्सिन 37.5 प्रतिशत + थाइरम 37.5 प्रतिशत (3 ग्राम/किग्रा) बीजथायोमिथाक्जाम 30 एफ.एस. (10 मिली/किग्रा) बीज अथवा इमिडाक्लोप्रिड 48 एफ.एस. (1.25 मिली/किग्रा) बीज की दर से उपचारित कर बुवाई करें।
जैविक बीज उपचार
सोयाबीन की बोवनी करते समय बीज को जैविक कल्चर ब्रेडी राइजोबियम पीएसएम प्रत्येक को 5 ग्राम / किग्रा बीज की दर से उपयोग करें।
रसायनिक फफूंदनाशक के स्थान पर जैविक फफूंदनाशक ट्राइकोडर्मा विरिडी 10 ग्राम/किग्रा बीज का उपयोग बीजोपचार के लिए कर सकते हैं। जिसको जैविक कल्चर के साथ मिलाकर प्रयोग किया जा सकता है।
बीजोपचार एवं टीकाकरण में एक निश्चित क्रम फफूंदनाशक- कीटनाशक-जैविक कल्चर का अनुपालन कर बीजोपचार करें।
बीज दर एवं बुवाई
सोयाबीन की बोवनी हेतु अनुशंसित 45 सेमी कतार की दूरी पर बुवाई करें साथ ही बीज को 2-3 सेमी की गहराई पर बुवाई करते हुए पौधे से पौधे की दूरी 5-10 सेमी रखें। सोयाबीन की परा बीज दर 60-70 किग्रा/है. की दर से उपयोग करें।
खरपतवार नियंत्रण
सोयाबीन की फसल में बुवाई पूर्व खरपतवारनाशक दवा पेंडामिथलीन इमेजाथापायर मात्रा 2.5 से 3 लीटर प्रति हैक्टे. या डाइक्लोसुलम पेंडामिथलीन मात्रा 2.5 ली. प्रति हैक्ट. दर से छिड़काव करें।
